जिला चिकित्सालय देहरादून के स्वास्थ्य शिविर में 624 मरीजों ने उठाया लाभ, 173 प्रयोगशाला जांचें और 113 रेडियोलॉजी जांचें संपन्न

देहरादून ,

जिला चिकित्सालय देहरादून में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के प्रथम दिन विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। क्षेत्र के लोगों ने शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और आवश्यक स्वास्थ्य जांच कराई।

प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के निर्देशन एवं शिविर प्रभारी के समन्वय में आयोजित शिविर के पहले दिन कुल 624 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इनमें 340 पुरुष और 284 महिलाएं शामिल रहीं।

शिविर के दौरान 126 लोगों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 2 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) की गई। वहीं 23 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में जागरूक किया गया तथा 21 लाभार्थियों को पोषण एवं समुचित देखभाल के विषय में परामर्श प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत इस दिन टीबी स्क्रीनिंग के लिए कोई संदिग्ध मरीज नहीं मिला, जबकि 5 लाभार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी एवं स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।

शिविर में प्रयोगशाला के माध्यम से 173 लोगों की विभिन्न जांचें की गईं। इनमें हीमोग्लोबिन, एलएफटी, केएफटी तथा लिपिड प्रोफाइल जैसी महत्वपूर्ण जांचें शामिल रहीं। इसके अलावा 68 एक्स-रे तथा 45 अल्ट्रासाउंड जांचें भी सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।

प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आमजन को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से भविष्य में भी ऐसे शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *