गुरु पूर्णिमा पर श्री दरबार साहिब में उमड़ा आस्था का सैलाब, गुरु महिमा के दिव्य संदेश से भावविभोर हुई संगतें

देहरादून ,

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व बुधवार को अपार श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही देश-विदेश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं एवं संगतों ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर श्री गुरु राम राय जी महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित की और गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरा परिसर भजन-कीर्तन, अरदास और गुरु स्मरण से आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर रहा।

इस अवसर पर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना एवं अरदास संपन्न कर संगतों को पावन दर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया। श्रद्धालुओं ने श्री झंडे जी पर मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं तथा गुरु चरणों में श्रद्धा व्यक्त की।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री गुरु राम राय जी महाराज का सिमरन करते हुए गुरु महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज का श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, सेवा, करुणा और धर्म के मार्ग पर अग्रसर करने वाले दिव्य प्रकाश हैं। गुरु का सानिध्य मनुष्य के जीवन को संस्कार, सदाचार और आत्मविश्वास से आलोकित करता है।

उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि गुरु के आदर्शों को जीवन में उतारने, विनम्रता, सेवा और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर भी है। जब शिष्य श्रद्धा, समर्पण और निष्ठा के साथ गुरु के बताए मार्ग पर चलता है, तभी उसका जीवन वास्तविक अर्थों में सफल और सार्थक बनता है।

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों से प्रेम, सद्भाव, संयम और आध्यात्मिक चेतना को जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गुरु की शिक्षाएं समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सेवा, परोपकार और मानवीय मूल्यों के संवर्धन का संकल्प लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के समापन पर विशेष लंगर प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा का पुण्य लाभ अर्जित किया। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूरे श्री दरबार साहिब परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *