देहरादून को मिलेगा हरित स्वरूप: हर वार्ड में विकसित होंगे आधुनिक पार्क

देहरादून ,

राजधानी देहरादून को अधिक हराभरा, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में नगर निगम ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक पार्कों की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से निगम चरणबद्ध तरीके से नए पार्क विकसित करेगा। इस पहल का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना भी है।

नगर निगम बोर्ड के वर्तमान कार्यकाल में अब तक करीब 25 पार्कों का विकास किया जा चुका है। इन पार्कों में स्थानीय लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, बच्चों के खेलने के सुरक्षित स्थान तथा आकर्षक हरित क्षेत्र विकसित किए गए हैं। अब इसी मॉडल को शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की तैयारी की जा रही है।

मेयर ने बताया कि नए पार्क उन सरकारी भूमि पर विकसित किए जाएंगे, जिन्हें अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। नगर निगम लगातार अभियान चलाकर अतिक्रमित भूमि को खाली करा रहा है, ताकि इन स्थानों का उपयोग जनहित में पार्कों के रूप में किया जा सके।

प्रस्तावित पार्कों में बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरण, युवाओं के लिए ओपन जिम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए वॉकिंग ट्रैक, बैठने की सुविधाएं तथा हरित वातावरण विकसित किया जाएगा। इससे प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को स्वास्थ्यवर्धक और मनोरंजन से भरपूर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होंगे।

नगर निगम का मानना है कि यह पहल न केवल शहर की सुंदरता और हरियाली को बढ़ाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य को भी प्रोत्साहित करेगी। आने वाले समय में यह अभियान देहरादून को एक अधिक स्वच्छ, सुंदर और रहने योग्य शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *