एसजीआरआरयू में स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एवं टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का भव्य उद्घाटन

देहरादून,

उत्तराखण्ड में तेजी से बढ़ते पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उद्योग की मांग को देखते हुए श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एवं टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का भव्य उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ताज ऋषिकेश रिजॉर्ट एंड स्पा के क्लस्टर जनरल मैनेजर (ऑपरेशंस) एवं जनरल मैनेजर मनोज मिश्रा ने भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक संस्थान उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष एवं प्रशिक्षित हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ताज ग्रुप जल्द ही एसजीआरआरयू के स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एवं टूरिज्म मैनेजमेंट के साथ एमओयू करेगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को इंडस्ट्री आधारित प्रशिक्षण और बेहतर करियर अवसर मिलेंगे।

इस अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने पूरे विभाग को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार के लिए तैयार करना है।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. प्रतापन ने कहा कि उत्तराखण्ड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों और स्थानीय जैविक उत्पादों को आधुनिक प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में विशेष कार्य किया जाएगा।

होटल मैनेजमेंट एवं टूरिज्म हॉस्पिटैलिटी के डीन डॉ. विनय राणा ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल समूहों में इंटर्नशिप तथा 100 प्रतिशत प्लेसमेंट असिस्टेंस उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और प्रदेश से पलायन रोकना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।

उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजित केक कटिंग सेरेमनी ने पूरे कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया। अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस ऐतिहासिक अवसर को उत्सव के रूप में मनाया। होटल मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों की भी अतिथियों ने सराहना की।

विश्वविद्यालय ने घोषणा की कि भविष्य में संस्थान के प्रमुख आयोजनों की हॉस्पिटैलिटी व्यवस्थाओं का संचालन स्वयं विद्यार्थी करेंगे, जिससे उन्हें अध्ययन के साथ-साथ वास्तविक उद्योग अनुभव भी प्राप्त होगा।

कार्यक्रम में विपिन चन्द्र घिल्डियाल, विजय नौटियाल, विनय मोहन थपलियाल, मनोज जखमोला, सीएस पयाल, विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, फैकल्टी सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस और इको-टूरिज्म के निरंतर विस्तार के बीच एसजीआरआरयू की यह पहल राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन उद्योग में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *