मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जन समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित और समयबद्ध समाधान के निर्देश

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता को उसके प्रकरण की प्रगति की नियमित जानकारी भी दी जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है। सभी अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व का परिचय दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप एवं आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए, जबकि उच्च स्तर पर निर्णय अपेक्षित मामलों को शीघ्र संबंधित विभागों को भेजा जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *