देहरादून/टिहरी ,
जनपद टिहरी में पर्यटन को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से आगामी 6 से 9 मार्च के बीच प्रस्तावित टिहरी लेक फेस्टिवल शासन, प्रशासन और स्थानीय जनसहभागिता का शानदार उदाहरण बनने जा रहा है।
टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस महोत्सव में देशभर से प्रतिभागी शामिल होंगे। खास बात यह है कि पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों को होटल, होमस्टे और वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों में विशेष छूट दी जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि 6 से 9 मार्च के बीच प्रतिभागियों को स्थानीय होटल एवं होमस्टे किराए में 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी, जबकि वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों पर 25 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह पहल स्थानीय हितधारकों द्वारा स्वयं की गई है।
स्थानीय संस्कृति को मिलेगा मंच
आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक खान-पान से रूबरू कराया जाएगा। मास्टर शेफ प्रतियोगिता में स्थानीय व्यंजनों की प्रस्तुति होगी, वहीं फैशन शो में प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों में नजर आएंगे।
6 मार्च को कोटी कॉलोनी में प्रसिद्ध लोक बैंड पांडवाज बैंड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। साथ ही वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवनगाथा पर आधारित नाट्य मंचन भी किया जाएगा। विभिन्न तिथियों पर स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी।
साहसिक गतिविधियों का संगम
टिहरी लेक फेस्टिवल जनपद का सबसे बड़ा आउटडोर फेस्टिवल माना जाता है। इसके अंतर्गत ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग सहित कई साहसिक गतिविधियों को शामिल किया गया है। उद्देश्य है कि पर्यटक टिहरी की पर्यटन संभावनाओं से परिचित हों और दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित ट्रैकिंग अभियानों के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।
जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने कहा कि यह आयोजन जनपद की पर्यटन क्षमताओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें स्थानीय लोगों का सहयोग भी सराहनीय है।