देहरादून ,
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान (डीजेजेएस) एवं नव्य भारत फाउंडेशन (एनबीएफ भारत) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को दिव्य ज्योति जागृति संस्थान आश्रम, निरंजनपुर, देहरादून में ‘मिशन आरोग्य’, ‘मिशन चिरंजीवी भारत’ एवं ‘मिशन अपर्णा शक्ति’ के अंतर्गत विशेष नारीशक्ति स्वास्थ्य जागरूकता सत्र एवं निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में फिजियोथेरेपी, दंत चिकित्सा, नेत्र जांच, रक्त जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श तथा निःशुल्क दवा वितरण जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनका लाभ सैकड़ों लोगों ने उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री श्रीमती कुसुम कंडवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए दिव्य ज्योति जागृति संस्थान एवं नव्य भारत फाउंडेशन की सराहना करते हुए दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं सेवा कार्यक्रम समाज के कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता प्रो. शालिनी गेंडर, कंसल्टेंट, स्त्री रोग विभाग, पीजीआई चंडीगढ़ रहीं। उन्होंने ‘महिला शक्ति एवं स्वास्थ्य’ विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं को संतुलित जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान, उत्तराखंड की संयोजक साध्वी सुश्री अरुणिमा भारती ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है और स्वस्थ जीवन ही आध्यात्मिक उन्नति का आधार है। उन्होंने बताया कि यह विशेष स्वास्थ्य सत्र दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज की कृपा से आयोजित हो सका।
नव्य भारत फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा पीजीआई चंडीगढ़ के फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अनिरुद्ध उनियाल ने शिविर में आए लोगों को निःशुल्क फिजियोथेरेपी परामर्श प्रदान किया और सभी के स्वस्थ एवं निरोगी जीवन की कामना की।
शिविर में डॉ. योगेश्वरी (दंत चिकित्सक, दून अस्पताल), डॉ. कल्याण सिंह (नेत्र सर्जन, राही नेत्रधाम) एवं डॉ. वीणा कृष्णन (मनोवैज्ञानिक सलाहकार) ने भी निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया। वहीं सिटी मेडिकल स्टोर के आशीष सैनी द्वारा निःशुल्क औषधि वितरण किया गया तथा नव्य भारत रेडक्लिफ कलेक्शन सेंटर, बालावाला की ओर से रियायती दरों पर रक्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में साध्वी जाह्नवी भारती, सिमरन कौर, सचिन जौली, आकाश ठाकुर, दीपेंद्र वालिया, एडवोकेट अंशुमन जोशी, ऋषभ मिश्रा, डॉ. आंचल, सौरभ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से सैकड़ों जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।