नेहरू कॉलोनी में बंद घर में चोरी का खुलासा, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

देहरादून ,

नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 14,470 रुपये की नकदी, एक मूर्ति और बैग बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को शिवनारायण विहार, माजरी माफी निवासी राकेश देवली ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर नकदी और मूर्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 11 जुलाई की रात मोहकमपुर फ्लाईओवर के नीचे से हिम्मत खान (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 14,470 रुपये की नकदी, मूर्ति और बैग बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खानाबदोश प्रवृत्ति का अपराधी है और विभिन्न स्थानों पर बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। घटना के बाद वह रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर रुकता था। आरोपी पूर्व में डोईवाला में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है और उसी मामले में अदालत में पेशी के लिए देहरादून आया था। पेशी के बाद उसने बंद घर की रेकी कर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ रायवाला, ऋषिकेश तथा अन्य राज्यों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • हिम्मत खान पुत्र सादत खान (36 वर्ष)
    निवासी: चित्रकूटा नगर, सेक्टर-4, थाना त्रिकुटा नगर, जम्मू-कश्मीर।

बरामद सामान

  • 14,470 रुपये नकद
  • एक मूर्ति
  • एक बैग

इस कार्रवाई को चौकी जोगीवाला प्रभारी उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बड़ोनी के नेतृत्व में कांस्टेबल विपिन सेमवाल, प्रदीप सिंह बिष्ट और नरेंद्र सिंह रावत की टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *