देहरादून/चमोली ,
श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण शासन ने इसे गंभीरता से लिया था।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान गठित विभागीय जांच समिति की प्राथमिक जांच में कर्मचारी प्रमोद नौटियाल द्वारा धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को चोरी-छिपे अपने निजी हित में ले जाने के तथ्य सामने आए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में SIT का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में अभियुक्त कई बार थाली भेंट गणना कक्ष से धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता हुआ दिखाई दिया। जांच में यह भी सामने आया कि उसने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर के पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिए।
सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 की रात प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।