केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का करेंगे प्रत्यक्ष अध्ययन
देहरादून ,
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीआईबी देहरादून द्वारा उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर सोमवार को शुरू हुआ। उत्तराखंड से 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल जॉलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होकर रायपुर पहुंचा।
इस प्रेस टूर का उद्देश्य उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी प्रगति, नवाचार और डिजिटल गवर्नेंस से संबंधित कार्यों का जमीनी स्तर पर प्रत्यक्ष अवलोकन कराना है।
अध्ययन यात्रा के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करेगा। पत्रकार इन परियोजनाओं की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और जनहित में उनकी उपयोगिता को करीब से समझेंगे, जिससे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति और उनके प्रभाव की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके।
इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का करेंगे दौरा
पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल बिलासपुर, एनटीपीसी एवं बीएएलसीओ (BALCO) कोरबा, 40 किलोवाट सौर परियोजना, जनजातीय संग्रहालय और सिरपुर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेगा। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का भी अवलोकन करेगा तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेगा।
पीआईबी देहरादून की ओर से बताया गया कि ऐसे प्रेस टूर का उद्देश्य पत्रकारों को देश में संचालित विकास गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना है, ताकि वे परियोजनाओं की व्यापक जनहित एवं राष्ट्रहित में उपयोगिता को बेहतर ढंग से समझ सकें और तथ्यात्मक जानकारी अपने माध्यमों के जरिए जनता तक पहुंचा सकें।
मीडिया और विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच सेतु बनेगा प्रेस टूर
प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि यह अध्ययन यात्रा उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे पत्रकारों को छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न परियोजनाओं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की गहन, सटीक एवं प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस टूर का प्राथमिक उद्देश्य क्षेत्रीय मीडिया और राष्ट्रीय स्तर की विकासात्मक प्राथमिकताओं के बीच मजबूत सेतु का निर्माण करना है। अध्ययन यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड के पत्रकारों को देश में हो रही तकनीकी, वैज्ञानिक और बुनियादी ढांचे की प्रगति को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि इस एक्सपोजर टूर के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर हो रहे बदलावों और नवाचारों का गहन अध्ययन एवं विश्लेषण कर अपने पाठकों और दर्शकों तक सटीक, तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाएं।
पीआईबी देहरादून की ओर से समय-समय पर इस प्रकार के राष्ट्रीय अध्ययन एवं मीडिया एक्सपोजर टूर आयोजित किए जाते हैं। इससे पहले भी हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम के लिए प्रेस टूर आयोजित किए जा चुके हैं।