मानसून में सड़क सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, देहरादून में 105 वाहनों के चालान, 15 सीज

देहरादून ,

मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने शनिवार रात देहरादून में सघन रात्रि चेकिंग अभियान चलाया। आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में यह अभियान आईएसबीटी, मेहुवाला, मिट्ठूवाला, टर्नर रोड और शिमला बाईपास सहित अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान वाहनों की हेडलाइट, फॉग लाइट, वाइपर, रिफ्लेक्टर, टायरों की स्थिति और हॉर्न की गहन जांच की गई। जांच में कई वाहनों में तकनीकी खामियां पाई गईं। साथ ही मॉडिफाइड प्रेशर हॉर्न के उपयोग और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले भी सामने आए।

संयुक्त अभियान में परिवहन विभाग के चारों प्रवर्तन दलों ने भाग लिया। कार्रवाई के दौरान कुल 105 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज किया गया।

आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि आईएसबीटी क्षेत्र में रात के समय सड़क किनारे खड़े वाहन यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं और दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *