नई खेल नीति में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए होंगे ऐतिहासिक प्रावधान : रेखा आर्या

देहरादून ,

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार विशेष श्रेणी (स्पेशल कैटेगरी) के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की नई खेल नीति में इन खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष और ऐतिहासिक प्रावधान शामिल किए जाएंगे।

शनिवार को देहरादून स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आयोजित स्पेशल ओलंपिक भारत नेशनल चैंपियनशिप फिगर एंड स्पीड स्केटिंग के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए खेल मंत्री ने यह घोषणा की।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों से 100 से अधिक विशेष श्रेणी के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रेखा आर्या ने कहा कि विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों का जज्बा प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक चुनौतियों के बावजूद खेल के मैदान तक पहुंचना ही बड़ी उपलब्धि है। ऐसे खिलाड़ियों को समाज और सरकार से विशेष संरक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अधिकांश राज्यों की खेल नीतियों में विशेष श्रेणी के खिलाड़ियों के लिए अलग से ठोस प्रावधान नहीं होते, लेकिन उत्तराखंड इस सोच को बदलने जा रहा है। नई खेल नीति में इन खिलाड़ियों के कल्याण, विशेष प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता के लिए मजबूत व्यवस्था की जाएगी।

खेल मंत्री ने विश्वास जताया कि हिमाद्री आइस रिंक में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे कई खिलाड़ी भविष्य में 2029 के स्पेशल ओलंपिक्स वर्ल्ड गेम्स में भारत और उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों की तैयारी और प्रोत्साहन में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री दीप्ति रावत, अमिताभ शर्मा, स्पेशल ओलंपिक भारत के क्षेत्रीय निदेशक डीबीएस रावत, बोर्ड सदस्य राजेश्वर, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न राज्यों से आए कोच, अभिभावक और खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *