टिकट के लिए योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट

दावेदारी सार्वजनिक मंच या सोशल मीडिया पर नहीं, संगठन के उचित फोरम पर रखने की दी नसीहत

देहरादून ,

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि पार्टी में विधानसभा टिकट या किसी भी प्रकार की दावेदारी के लिए योग्य, कर्मठ और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर बयानबाजी करना पार्टी की अनुशासन व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

भट्ट ने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता की कोई इच्छा, दावेदारी या सुझाव है तो वह संगठन के समक्ष निर्धारित प्रक्रिया और उचित समय पर आंतरिक रूप से रख सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावी महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है, लेकिन उसके लिए पार्टी में तय प्रक्रिया और मंच का पालन करना आवश्यक है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर नेताओं की दावेदारी से संबंधित खबरों को लेकर राज्य से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक नाराजगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचारों और सिद्धांतों पर आधारित दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी मजबूती का आधार “राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम” की भावना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और लोकतांत्रिक राजनीतिक संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए संगठन ने एक निर्धारित मंच और प्रक्रिया तय की है।

भट्ट ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अपील की कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन की मर्यादा और अनुशासन को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है और उचित समय पर केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में योग्यता, समर्पण और संगठनात्मक प्रक्रिया के आधार पर निर्णय लिया जाता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि पार्टी अनुशासन के विरुद्ध जाने वालों के खिलाफ संगठन आवश्यक कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में पार्टी की मजबूती और सफलता के लिए व्यक्तिगत प्रचार के बजाय संगठन को मजबूत करना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *