सामान्य ड्यूटी के 49 पद आरक्षित, दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक परीक्षा, मेडिकल और साक्षात्कार से होगा चयन
देहरादून ,
उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों और पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए रोजगार का अवसर है। 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इको कुमाऊं द्वारा पिथौरागढ़ के देवकटिया ग्राउंड में 03 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 06:00 बजे से शुरू होगी।
भर्ती कार्यक्रम के तहत 03 अगस्त को दस्तावेजों का सत्यापन, 04 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा तथा 05 अगस्त से 08 अगस्त तक सफल अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण और साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
इस भर्ती रैली के माध्यम से कुल 69 रिक्त पदों पर नामांकन किया जाएगा। इसमें सैनिक (सामान्य ड्यूटी) के 49 पद केवल उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा अन्य पदों पर अखिल भारतीय स्तर पर पात्र पूर्व सैनिक आवेदन कर सकेंगे।
रिक्त पदों का विवरण इस प्रकार है—
- सैनिक (शेफ कम्युनिटी) – 4 पद
- सैनिक (वाशरमैन) – 2 पद
- सैनिक (टेलर) – 2 पद
- सैनिक (इक्विपमेंट रिपेयरर) – 2 पद
- सैनिक (हेयर ड्रेसर) – 3 पद
- सैनिक (ब्लैक स्मिथ) – 1 पद
- सैनिक (क्लर्क) – 1 पद
- सैनिक (कारपेंटर) – 3 पद
- सैनिक (हाउस कीपर) – 2 पद
भर्ती के लिए पेंशनधारक पूर्व सैनिक और भूतपूर्व महिला कर्मी पात्र होंगे, जिन्होंने पर्यावरण वन मंत्रालय एवं जलवायु नियंत्रण या उत्तराखंड राज्य वन विभाग में न्यूनतम 20 वर्ष की सेवा पूरी की हो। नामांकन सेवानिवृत्ति या सेवा मुक्त होने की तिथि से पांच वर्ष के भीतर होना आवश्यक है।
अभ्यर्थियों के लिए SHAPE-1 मेडिकल श्रेणी और चरित्र प्रमाण पत्र Exemplary/Very Good होना अनिवार्य है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम वजन 50 किलोग्राम, ऊंचाई 160 सेंटीमीटर (गोरखा एवं गढ़वाली अभ्यर्थियों के लिए 152 सेंटीमीटर) तथा सीने का माप 82 सेंटीमीटर और 5 सेंटीमीटर विस्तार जरूरी होगा। महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम वजन 42 किलोग्राम और ऊंचाई 150 सेंटीमीटर निर्धारित है।
भर्ती में शामिल होने वाले पूर्व सैनिकों को मूल डिस्चार्ज बुक, पीपीओ, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र और सात पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। वहीं भूतपूर्व महिला कर्मियों को पेंशन आदेश, 20 वर्ष की सेवा का प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
चयनित कार्मिकों की सेवा अवधि अधिकतम आठ माह तक होगी। उन्हें पद एवं सेवा समूह के अनुसार मूल वेतन, महंगाई भत्ता और अन्य अनुमन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इको कुमाऊं ने पात्र पूर्व सैनिकों एवं भूतपूर्व महिला कर्मियों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती रैली में पहुंचने की अपील की है। भर्ती से जुड़ी जानकारी और ऑनलाइन नामांकन के लिए अभ्यर्थी www.130ta.com पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
