चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएम धामी

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखण्ड आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत करते हुए उनसे यात्रा का आनंद लेने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू में हुई घटनाओं के संबंध में प्रशासन और पुलिस निष्पक्ष रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंट साहिब यात्रा में शुरुआती दिनों में ही पिछले वर्ष की तुलना में करीब 25 हजार अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करने वाली देवभूमि है। हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र स्थलों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और राज्य सरकार सभी यात्रियों की सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज में वैमनस्य और अशांति फैलाने वाले प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द ही किसी भी समस्या का स्थायी समाधान है। राज्य सरकार प्रदेश में शांति, सुरक्षा और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *