देहरादून ,
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित एक संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजेश्वरी सोमवाल ने सभी प्रतिभागियों एवं मातृशक्ति का आभार व्यक्त करते हुए एकल-उपयोग (सिंगल यूज़) प्लास्टिक कैरी बैग के स्थान पर जूट एवं अन्य इको-फ्रेंडली बैग के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक शहर या जनपद तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसे पूरे देश में जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग लगभग समाप्त हो चुका है। विशेष रूप से मॉल और कई विक्रेता अब सरकार द्वारा अनुमोदित डिग्रेडेबल एवं पर्यावरण अनुकूल बैग का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रतिबंध के बावजूद सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजेश्वरी सोमवाल ने सभी नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्र में जागरूकता फैलाने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सोहन सिंह रौतेला, नवीन चंद्र सेमवाल, बीणा सेमवाल, रुचि कोटनाला, संगीता तथा मंजू सेमवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की प्रेरणादायी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों को इको-फ्रेंडली बैग वितरित किए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।