ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता: 20 लाख की कोकीन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो विदेशी नागरिक भी शामिल

देहरादून ,
मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों समेत तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ ड्रग पैडलर राजपुर क्षेत्र में हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों को 9.15 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं सीआईएसएफ तिराहा, ओल्ड मसूरी रोड के पास एक कार सवार आरोपी को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माइकल इक्का मेकसन और लेविकिरी वानिकी निवासी सूडान तथा जावेद आलम निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

दिल्ली से लाई गई थी कोकीन

पूछताछ में विदेशी आरोपियों ने खुद को कोबरा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया। उन्होंने खुलासा किया कि वे दिल्ली से कोकीन लाकर विभिन्न राज्यों में अपने एजेंटों और पैडलरों के माध्यम से सप्लाई करते हैं। बरामद खेप भी कुछ दिन पहले दिल्ली से लाई गई थी और इसे देहरादून की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में खपाने की तैयारी थी।

वहीं जावेद आलम ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से कोकीन लाकर देहरादून में सप्लाई करता था। पूछताछ के दौरान पुलिस को गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनकी तलाश जारी है।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं गैंग के सदस्य

राजपुर पुलिस इससे पहले भी कोबरा गैंग के 13 सदस्यों सहित कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग से पूर्व में करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य की 200 ग्राम कोकीन बरामद की जा चुकी है।

पांच महीने में 145 नशा तस्कर गिरफ्तार

दून पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इस अवधि में 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी देहरादून ने कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *