देहरादून,
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 4 आईएएस अधिकारियों समेत कुल 8 अधिकारियों के विभागों और दायित्वों में बदलाव किया है। कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ से महत्वपूर्ण विभाग वापस लिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, झरना कमठान को पेयजल विभाग में अपर सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें स्वजल परियोजना का निदेशक भी बनाया गया है।
स्मृति परमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए देहरादून का अपर जिलाधिकारी (ADM) नियुक्त किया गया है।
विनोद कुमार को UDRP-AF के परियोजना निदेशक (PD) सहित अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई हैं। उनके पास पहले से ही आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, PD (UGVS-REAP) तथा अपर सचिव ग्राम्य विकास जैसे विभाग हैं।
वहीं, आपदा एवं पुनर्वास तथा PD (UDRP-AF) की जिम्मेदारी विनोद कुमार से लेकर सौरभ गहरवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
प्रकाश चन्द्र से प्रबंध निदेशक (बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम), अपर सचिव समाज कल्याण तथा आयुक्त दिव्यांग के पद वापस लेते हुए उन्हें आपदा एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
दूसरी ओर, ये विभाग सुंदर लाल सेमवाल को सौंपे गए हैं, जो पहले से सचिवालय प्रशासन का कार्यभार संभाल रहे हैं।
सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव, जो बाध्य प्रतीक्षा में चल रहे थे, उन्हें सचिवालय प्रशासन और समाज कल्याण विभाग में तैनाती दी गई है।
इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाने और विभागीय समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य विभिन्न विभागों में कार्यों की गति बढ़ाना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है।
