उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से अभ्यर्थियों ने किया प्रतिभाग
26 मई से 29 मई 2026 तक एसजीआरआर पब्लिक स्कूल तालाब शाखा में आयोजित हो रही चार दिवसीय चयन प्रक्रिया
100 से अधिक विद्यालयों के लिए शिक्षकों का होगा चयन
देहरादून ,
श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन द्वारा आयोजित मेगा शिक्षक भर्ती चयन प्रक्रिया में युवाओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस भर्ती अभियान में भाग ले रहे हैं। मिशन के 100 से अधिक विद्यालयों के लिए आयोजित यह चार दिवसीय चयन अभियान 26 मई से शुरू होकर 29 मई 2026 तक चलेगा।
एसजीआरआर पब्लिक स्कूल तालाब शाखा परिसर इन दिनों प्रतिभाओं के संगम का केंद्र बना हुआ है। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल श्रृंखला की सबसे पुरानी और प्रतिष्ठित शाखाओं में शामिल तालाब शाखा में प्रतिदिन 1,300 से अधिक अभ्यर्थी लिखित परीक्षा और साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा ले रहे हैं। अनुमान है कि इस संपूर्ण भर्ती अभियान में लगभग 5,500 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन मंगलवार सुबह सात बजे से ही विद्यालय परिसर में अभ्यर्थियों की लंबी कतारें दिखाई देने लगी थीं। चयन प्रक्रिया प्रतिदिन देर शाम तक लगातार संचालित की जा रही है। मिशन प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः योग्यता आधारित और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की है।
चयन प्रक्रिया के तहत 80 अंकों की लिखित परीक्षा और 20 अंकों का साक्षात्कार निर्धारित किया गया है। लिखित परीक्षा में अभ्यर्थियों की विषय विशेषज्ञता, विश्लेषण क्षमता और प्रस्तुतीकरण कौशल का मूल्यांकन किया जा रहा है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
इस भर्ती अभियान की विशेषता यह है कि अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा के दिन ही मूल्यांकन, साक्षात्कार और परिणाम घोषित करने की व्यवस्था की गई है। इस त्वरित एवं पारदर्शी प्रक्रिया की अभ्यर्थियों ने सराहना करते हुए मिशन प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड सहित उत्तर भारत के कई राज्यों से पहुंचे युवा इस चयन प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए उत्तराखण्ड के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और विषय विशेषज्ञों का सहयोग लिया जा रहा है।
परीक्षा आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं होता है तो वह पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। ऐसे मामलों में विशेषज्ञ समिति द्वारा ऑन-कैमरा पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन लगातार उत्तराखण्ड ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह मेगा शिक्षक भर्ती अभियान शिक्षा जगत में नई संभावनाओं और युवा प्रतिभाओं के लिए उम्मीदों के नए द्वार खोल रहा है।