रुड़की के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या, 15 वर्षीय नाबालिग आरोपी निकला

रुड़की ,

रुड़की स्थित अनमोल जीवन समिति नशा मुक्ति केंद्र में आशीष नामक युवक मृत अवस्था में मिला। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और मौके पर काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ पाया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस को 13 मई 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ढंडेरी ख्वाजगीपुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कराया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नवनीत सिंह के निर्देश पर फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाया गया। एसपी ग्रामीण और सीओ रुड़की ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान नशा मुक्ति केंद्र में रह रहे लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें खुलासा हुआ कि हत्या उसी केंद्र में रह रहे एक 15 वर्षीय नाबालिग युवक ने की है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक आशीष अक्सर आरोपी नाबालिग के साथ गाली-गलौज करता था और मारपीट की धमकी देता था। इसी विवाद के चलते नाबालिग ने स्टील के नुकीले टुकड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी नाबालिग को संरक्षण में लेकर उसके खिलाफ कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा नवीन गौतम निवासी बसेड़ी खादर, लक्सर की तहरीर पर दर्ज किया गया।

बरामदगी

  • हत्या में प्रयुक्त स्टील का नुकीला टुकड़ा
  • एक मफलर
  • आरोपी नाबालिग के कपड़े

मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *