मुख्यमंत्री धामी ने 307 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, कहा- “यह सेवा और समर्पण का संकल्प”

देहरादून ,

पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य और कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में तीन विभागों के अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जिनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल रहे।

नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा,
“यह नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। विशेषकर दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद आप ही होते हैं।”

कार्यक्रम में मौजूद गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार अतिसघन सेब बागवानी, कीवी मिशन और मशरूम उत्पादन को किसानों की आय का प्रमुख स्रोत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

वहीं सुबोध उनियाल ने विश्वास जताया कि नए चिकित्सकों की नियुक्ति से राज्य के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी और स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुदृढ़ बनेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *