देहरादून ,
एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान ने बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लक्खीबाग में कक्षा 8, 9 और 10 की छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व, इसके लाभ और सुरक्षित स्वास्थ्य के लिए इसकी आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में इस टीके की भूमिका पर विशेष जोर दिया।
डॉ. चौहान ने जानकारी दी कि जनपद देहरादून में अब तक करीब साढ़े तीन सौ किशोरियों को यह टीका लगाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा यह टीका किशोरियों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने शिक्षिकाओं से अपील की कि वे स्कूल के साथ-साथ अभिभावक-शिक्षक बैठकों के माध्यम से भी समुदाय में जागरूकता फैलाएं और अधिक से अधिक छात्राओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
जनपद के जिला चिकित्सालय (गांधी शताब्दी) में स्थापित मॉडल टीकाकरण केंद्र में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने भी लोगों से अपील की है कि टीके को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और 14 से 15 वर्ष आयु की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु यह टीका अवश्य लगवाएं।