देहरादून ,
देहरादून के ईसी रोड पर दो स्कूटी की टक्कर में घायल हुई युवती और एक महिला की मदद के लिए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार से सांसद Trivendra Singh Rawat ने मानवता का परिचय दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय हुए इस सड़क हादसे में दोनों स्कूटी सवार घायल हो गईं। उसी दौरान Trivendra Singh Rawat राजपुर रोड स्थित मंथन सभागार में एक बैठक में भाग लेकर लौट रहे थे। उन्होंने दुर्घटना को देखते ही अपना काफिला रुकवाया और तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
बताया जा रहा है कि उन्होंने बिना किसी औपचारिकता या प्रचार के, घायल महिला को अपनी गाड़ी से उसके घर भिजवाने की व्यवस्था भी की। वह कुछ समय तक मौके पर रुके रहे और सहायता सुनिश्चित की।
गौरतलब है कि उस समय वहां न तो कोई मीडिया मौजूद था और न ही किसी प्रकार का प्रचार किया जा रहा था। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद उनका इस तरह रुककर सहायता करना उनके मानवीय दृष्टिकोण और जनसेवा की भावना को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहते हुए इसे एक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का उदाहरण बताया।