देहरादून में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई: 32 सिलेंडर जब्त, 327 सिलेंडरों से लदा वाहन कब्जे में

देहरादून,

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। क्यूआरटी टीम द्वारा देर रात चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में अवैध गैस कारोबार का भंडाफोड़ किया गया।

निरंजनपुर सब्जी मंडी के समीप सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के पास एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम ने रात 12:00 बजे से सुबह 4:00 बजे तक सघन छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान मौके से कुल 32 गैस सिलेंडर (27 घरेलू, 4 छोटे और 1 व्यावसायिक) तथा 4 गैस रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए। इसके अलावा, UP17BT0390 नंबर का एक वाहन, जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे थे, को भी कब्जे में लिया गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जांच में सामने आया कि वाहन लोनी बॉटलिंग प्लांट से करीब 360 सिलेंडर लेकर निकला था और इन्हें अवैध रूप से रिफिल कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।

प्रशासन के अनुसार, यह गतिविधि आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन होने के साथ-साथ जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। मामले में थाना पटेल नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन द्वारा आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *