एसजीआरआर विश्वविद्यालय में दो दिवसीय स्टार नाइट, प्रियंका मेहर और विशाल मिश्रा का लाइव कॉन्सर्ट

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में 27 और 28 अप्रैल को सुर-संगीत की भव्य महफिल सजने जा रही है। विश्वविद्यालय के वार्षिक फैस्ट “जेनिथ 2026” के तहत आयोजित इस दो दिवसीय स्टार नाइट को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

27 अप्रैल को उत्तराखण्ड की प्रसिद्ध लोक गायिका प्रियंका मेहर अपनी मधुर आवाज से लोक संस्कृति की छटा बिखेरेंगी। उनके गीतों में पहाड़ की मिट्टी की खुशबू और पारंपरिक धुनों की झलक युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करेगी। इस दौरान डीजे निक के हाई-वोल्टेज म्यूजिक से माहौल और भी जोशीला हो जाएगा।

वहीं 28 अप्रैल की शाम बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा के लाइव कॉन्सर्ट से गुलजार होगी। उनके लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति युवाओं के उत्साह को चरम पर पहुंचा देगी और कार्यक्रम को यादगार बना देगी।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। पथरी बाग स्थित विश्वविद्यालय के हैलीपैड को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जहां हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं इस आयोजन में शामिल होंगे।

दो दिनों तक चलने वाला यह संगीत उत्सव सांस्कृतिक रंगों और युवा जोश का अनूठा संगम साबित होगा, जो प्रतिभागियों को एक यादगार अनुभव प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *