डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर: मुख्यमंत्री धामी से ‘इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट’ के आयोजकों की मुलाकात

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं, जहां Artificial Intelligence, टेक्नोलॉजी और साइंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के बीच विचार-विमर्श होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से निकलने वाले निष्कर्ष राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा देंगे।

उन्होंने उत्तराखंड की सामरिक और पर्यटन दृष्टि से महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य में हर वर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता के कारण अनेक आकर्षक पर्यटन स्थल उपलब्ध हैं। साथ ही फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण होने से फिल्म उद्योग में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि औद्योगिक निवेश के लिए उत्तराखंड में बेहतर अवसर मौजूद हैं, जिनके विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी जोर देते हुए कहा कि यहां के सुरम्य स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं। सरकार इस दिशा में आवश्यक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एनटीटी ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कंट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेसिडेंट ज्योति माल्दे, नेटफॉरचॉइस डाटा सेंटर के फाउंडर समीर यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *