ऑपरेशन स्माइल: गुमशुदा बालिका को सकुशल परिजनों से मिलाया, दून पुलिस की सराहना

देहरादून ,

गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत दून पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए एक बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया, जिस पर परिवार ने भावुक होकर पुलिस का आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार, घंटाघर क्षेत्र में एक बालिका संदिग्ध अवस्था में घूमती हुई मिली। उसे एएचटीयू टीम और आसरा ट्रस्ट की मदद से सुरक्षा की दृष्टि से सीडब्ल्यूसी के माध्यम से राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र, केदारपुरम में रखा गया। बालिका मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण अपना पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी।

ऑपरेशन स्माइल टीम ने बालिका से लगातार बातचीत कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया और साथ ही सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से उसके परिजनों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान झारखंड से संबंधित सुराग मिलने पर वहां की पुलिस से संपर्क किया गया।

लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप बालिका के थाना उड़गा, जिला सिमडेगा (झारखंड) की निवासी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें देहरादून बुलाया और सीडब्ल्यूसी के आदेशानुसार बालिका को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजन भावुक हो गए और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस, विशेषकर दून पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *