ऋषिकेश / ,
ऋषिकेश में आगामी चारधाम यात्रा 2026 को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कैंप परिसर में ठहरने वाले यात्रियों के लिए जर्मन हैंगर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से पहले सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण में सामने आई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए सड़कों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जानकारी दी कि यात्रा मार्ग पर 500 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए जाएंगे। ऋषिकेश में पर्यटन पुलिस को भी सक्रिय किया जाएगा। एसपी ग्रामीण जया बलूनी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।
इसके अलावा, पीएसी की तैनाती जल्द की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर रैपिड एक्शन फोर्स की मांग भी भेजी गई है। ट्रैफिक प्रबंधन को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने प्लान A, B और C तैयार किए हैं, जिन्हें स्थिति के अनुसार लागू किया जाएगा।
पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है, जिसमें आईडीपीएल और खांड गांव को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव मिल सके। तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।