बैसाखी पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर की पैड़ी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़

हरिद्वार ,

 बैसाखी पर्व के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार सुबह से ही Har Ki Pauri स्थित ब्रह्मकुंड पर गंगा स्नान के लिए दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

बैसाखी उत्तर भारत का प्रमुख और पवित्र पर्व माना जाता है। इस दिन गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि बैसाखी के दिन गंगा में स्नान करने से सुख-समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते तड़के सुबह से ही हर की पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पहले ही पुलिस बल को विशेष ब्रीफिंग दी गई थी और अधिकारियों द्वारा मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए थे।

प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को 10 जोन और 33 सेक्टरों में विभाजित किया है, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। साथ ही, यातायात दबाव को देखते हुए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।

तीर्थ पुरोहित मनोज त्रिपाठी के अनुसार बैसाखी स्नान का विशेष धार्मिक महत्व है और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर स्वयं को धन्य महसूस करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *