पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने राजेन्द्र नाथ को पुलिस प्रतीक चिह्न देकर किया रवाना
देहरादून ,
पुलिस मुख्यालय से आरक्षी राजेन्द्र नाथ को दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट अकोंकागुआ (6961 मीटर) को फतह करने के लिए पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार द्वारा पुलिस प्रतीक चिह्न देकर रवाना किया गया। इस अवसर पर आरक्षी राजेन्द्र नाथ द्वारा इसी एक्सपीडिशन के माध्यम से गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर माउंट अकोंकागुआ को फतह करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार द्वारा आरक्षी राजेन्द्र नाथ को उनके सफल पर्वतारोहण अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हुए बताया गया कि पर्वतारोहण एक साहसिक खेल है और एसडीआरएफ के प्रत्येक सदस्य के लिए ऐसे साहसिक खेलों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इसलिए समय समय पर ऐसे साहसिक खेलों में प्रतिभाग करने हेतु कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ कर्मियों द्वारा क्याकिंग, राफ्टिंग, ट्रैकिंग, पर्वतारोहण इत्यादि साहसिक खेलों में प्रतिभाग कर अपनी व्यवसायिक दक्षता बढ़ाने का निरन्तर प्रयास किया जाता है। इस अवसर पर फ्लैग ऑफ सेरेमनी के दौरान मौजूद पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ द्वारा भी राजेन्द्र नाथ को शुभकानाएं दी गई। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा विचार साझा करते हुए बताया गया कि एसडीआरएफ में पर्वतारोहण का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि द्वारा सतोपंथ, भागीरथी, त्रिशूल व एवरेस्ट का सफल आरोहण किया है। उन्होंने बताया कि इन पर्वतारोहण अभियानों के माध्यम से मिले कौशल से एसडीआरएफ द्वारा ग्लेशियरों एवम ट्रेक रूटों में फंसे देश-विदेश के अनेक पर्वतारोहियों, ट्रैकरों एवं पर्यटकों को सकुशल रेस्क्यू किया गया है। एसडीआरएफ द्वारा विदेशी नागरिकों व पर्वतारोहियों के सफल रेस्क्यू कार्यों की कोरिया, अमेरिका इत्यादि देशों के दूतावासों द्वारा मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई है। इस अवसर पर सेनानायक एसडीआरएफ मणिकांत मिश्रा,सेनानायक द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम का एक अभिन्न अंग है। राजेन्द्र द्वारा विभिन्न पर्वत श्रंखलाओं पर किये गए सफल आरोहण से उच्च तुंगता क्षेत्रों में अपनी कार्यक्षमता में गुणात्मक सुधार किया गया बल्कि एसडीआरएफ के अन्य कर्मियों को भी प्रेरित किया गया है। इस अवसर पर मुख्य आरक्षी राजेन्द्र नाथ के इस पर्वतारोहण अभियान के माध्यम से एसडीआरएफ में एक साहसिक वातावरण का निर्माण करने का प्रयास किया जा रहा है जिससे अन्य जवान भी अभिप्रेरित होंगे व उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी, जो निश्चय ही भविष्य में उच्च तुंगता रेस्क्यू के दौरान विषम परिस्थितियों में भय व अवरोधों का डटकर सामना करने का साहस प्रदान करेगा।
