डिजिटल मीडिया की विज्ञापन दरों में संशोधन की मांग, AISNA उत्तराखंड ने सूचना महानिदेशक को सौंपा ज्ञापन

देहरादून ,

ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन (AISNA) उत्तराखंड इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश महासचिव सोमपाल सिंह के नेतृत्व में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर डिजिटल मीडिया एवं न्यूज पोर्टलों की निर्धारित विज्ञापन दरों में संशोधन की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में सूचना महानिदेशालय स्थित सूचना भवन में ज्ञापन सौंपा।

AISNA उत्तराखंड ने कहा कि डिजिटल मीडिया आज समाचार एवं सूचनाओं के प्रसार का सबसे तेज और प्रभावी माध्यम बन चुका है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों, जनहितकारी निर्णयों और महत्वपूर्ण सूचनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में न्यूज पोर्टल एवं वेबसाइटों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद डिजिटल मीडिया संस्थानों को मिलने वाली विज्ञापन राशि मौजूदा संचालन लागत की तुलना में काफी कम है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वर्ष 2026 में डिजिटल मीडिया एवं न्यूज पोर्टलों के लिए निर्धारित विज्ञापन दरें बढ़ते संचालन खर्च, तकनीकी आवश्यकताओं और डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के अनुरूप नहीं हैं। वर्तमान व्यवस्था में प्रति बैनर/वीडियो फिल्म विज्ञापन की दर लगभग ₹1,200 प्रतिमाह, जबकि कुल ₹7,200 प्रतिमाह की विज्ञापन दर निर्धारित है। संगठन ने इन दरों को वर्तमान परिस्थितियों में अव्यावहारिक बताते हुए इनकी समीक्षा की मांग की।

AISNA उत्तराखंड के अनुसार महंगाई और बढ़ते आर्थिक बोझ के बीच मौजूदा दरों पर छोटे एवं स्थानीय डिजिटल मीडिया संस्थानों का संचालन कठिन हो रहा है। संगठन ने सूचना विभाग से विज्ञापन दरों की पुनः समीक्षा कर डिजिटल मीडिया संस्थानों के लिए व्यावहारिक एवं सम्मानजनक दरें निर्धारित करने का आग्रह किया।

सूचना महानिदेशक से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि विभाग डिजिटल मीडिया संस्थानों की आर्थिक स्थिति और जनहित में उनके द्वारा किए जा रहे समाचार प्रसार को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन दरों में उचित संशोधन करेगा।

AISNA उत्तराखंड ने कहा कि “मजबूत डिजिटल मीडिया ही मजबूत और जिम्मेदार डिजिटल पत्रकारिता की आधारशिला है।” संगठन के मुताबिक सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों और वेबसाइटों को पर्याप्त विज्ञापन सहयोग मिलने से प्रदेश में स्वस्थ, निष्पक्ष, जिम्मेदार एवं गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता को बढ़ावा मिलेगा।

प्रतिनिधिमंडल में AISNA उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष धीरज पाल सिंह, कुमाऊं सह-संयोजक दीपा माहेश्वरी, सविता थलवाल, हरिद्वार से इफ्खार अंसारी, अनुप ढौंडियाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन ने सूचना विभाग से इस मामले में सकारात्मक और शीघ्र निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *