देहरादून ,
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तीरथ सिंह रावत सादगी, सौम्यता और सहजता की प्रतिमूर्ति हैं। उन्होंने संगठन के विभिन्न दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए भाजपा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली जिम्मेदारी उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण का सम्मान है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस उत्तराखंड जैसे शांत और सामाजिक समरसता वाले प्रदेश को जातियों के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति को कभी सफल नहीं होने देगी।
हल्द्वानी प्रकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले कथित नारों और अन्य घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में तुष्टीकरण की राजनीति और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवभूमि की शांति, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड भी विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के लिए प्रधानमंत्री मोदी और राज्य में मजबूत नेतृत्व जरूरी है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने स्वागत एवं अभिनंदन के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
रावत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पूरी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा और भाजपा विजयी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने तथा घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है। बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना होगा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दीप्ति रावत भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।