लोहड़ी व मकर संक्रान्ति पर्व की व्यवस्था व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम – uttarakhandawaaz.in

लोहड़ी व मकर संक्रान्ति पर्व की व्यवस्था व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मेला क्षेत्र को 07 जोन व 17 सेक्टरों में बांटा
हरिद्वार ,

लोहड़ी व मकर सक्रांति स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा ऋषिकुल औडिटोरियम में स्नान पर्व पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर (नोडल अधिकारी मेला) स्वतंत्र कुमार ने पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए कहा कि विगत स्नानों में देखा गया कि लोहड़ी व मकर संक्रान्ति स्नान पर्व पर अचानक से भीड़ बढ़ जाती हैं। प्रत्येक जोनल अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में वैकल्पिक मार्गों का भीड़ बढ़ने की दशा में उपयोग कर जनसंख्या के दबाव को नियंत्रित करेंगे। प्रत्येक पॉइंट पर नियुक्त पुलिसकर्मी का अपना विशेष महत्व है, थोड़ी सी भी लापरवाही से कोई भी समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए सभी लोग अपनी अपनी जिम्मेदारियों का दृढ़ता एवं संयम के हाथ निर्वहन करेंगे। मंशा देवी, चंडी देवी में ड्यूटी प्रभारी यह सुनिश्चित करेगे की श्रद्धालुगण कतार में ही आगे बढ़ें। भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल कंट्रोल रूम को जानकारी देने के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखेंगे। उन्होंने कहा कि महिला घाट पर नियुक्त महिला कर्मी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। इस स्थान पर अधिक भीड़ की संभावनाएं रहती हैं, क्योंकि प्रत्येक महिला एवं उसके परिजन उसी के आसपास रहते हैं। किसी को स्नान के लिए बहुत अधिक समय नहीं दिया जाए। महिला घाट से श्रद्धालुओं को लगातार बाहर निकलते हुए उनके गंतव्य को भेजा जाए। स्नान के दौरान प्रत्येक कर्मी को सही समय पर अपने ड्यूटी पॉइंट पर आकर मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। स्नान के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं के डूबने की संभावनाएं बनी रहती हैं, घाटों पर नियुक्त जल पुलिस की टीमें लगातार मौजूद व सतर्क रहें। जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्नान पर्व के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र से भिखारियों को हटाया जाए। जिससे श्रद्धालुगण आसानी से आवागमन कर सकें। एसपी सिटी ने कहा कि स्नान पर्व के दौरान अप्रिय घटनाओं की रोकथाम हेतु बम निरोधक दस्ते व श्वान दल की टीमें नियुक्त की गई है। जो निरंतर गतिमान रहेगी तथा घाटों के संवेदनशील स्थानों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डा व अपर रोड़ मेला क्षेत्र में चैकिंग करते रहेंगे। क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण हेतु घुड़सवार पुलिस की दो टीमें नियुक्त की गई है, जो निरंतर गतिमान रहेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु यातायात प्लान तैयार है। उसका पूर्ण रूप से पालन करवाया जाए। यातायात को सुचारू रूप से चलाए जाने हेतु पार्किंग का प्रयोग किया जाएगा, साथ ही जो डायवर्जन बनाए गए हैं। उन्हें बनाए गए यातायात प्लान के अनुसार लागू किया जाए, उसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। स्नान पर्व समाप्ति तक जनपद में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतरू प्रतिबंधित रहेगा। कोई ड्यूटी पर नियुक्त कर्मचारी अपने पॉइंट से बड़े वाहनों को नहीं छोड़ेंगे। ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस बल वाहनों को सड़क के किनारे किसी भी प्रकार से पार्क नहीं होने देंगे चाहे वह राष्ट्रीय राजमार्ग हो या अन्य मार्ग, सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में भेजा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *