शहीद पुलिस कर्मियों की स्मृति में आयोजित 10 किलोमीटर मैराथन रेस के समापन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया प्रतिभाग
देहरादून ,
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा है कि फर्ज निभाते हुए देश के लिए अपने प्राणों की शहादत देने से बड़ा कोई बलिदान नहीं हो सकता इसलिए हम सभी को उन शहीदों के प्रति हमेशा एहसानमन्द रहना चाहिए। आज राजधानी देहरादून में धर्मा क्रिएशन्स संस्था द्वारा शहीद पुलिस कर्मियों की स्मृति में आयोजित 10 किलोमीटर मैराथन रेस के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एआईसीसी सदस्य व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मैराथन रेस के पुरुस्कार वितरण समारोह में कहा कि अपना कर्तव्य निभाते हुए देश व समाज के लिए अपने प्राणों तक का बलिदान करने से बड़ा काम दुनिया में क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संग्राम में हजारों लोगों ने शहादत दी और तत्पश्चात देश की आजादी के बाद के 75 वर्षों में हमारी सेना, अर्ध सैनिक बलों, राज्य की पुलिस व होमगार्ड , विभिन्न माध्यमों से पुलिसिंग का काम करने वाले जवानों ने देश के बाहरी व आंतरिक दुश्मनों के खिलाफ विभिन्न अभियानों में अपने प्राणों का बलिदान दिया जिसके लिए पूरा देश उनका ऋणी रहेगा। धस्माना ने कहा कि ऐसे महान शहीदों को समय समय पर याद कर उनकी स्मृति व सम्मान में आयोजन कर हम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते हैं कि वे भी देश सेवा में आगे आएं। धस्माना ने प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास की कविता है नमन उनको कि जिनके सामने बौना हिमालय, जो धरा पर गिर गए फिर आसमानी हो गए को गाकर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक राजकुमार ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए उनको सफल आयोजन की बधाई दी व सभी प्रतिभागियों को भी धन्यवाद दिया। इससे पूर्व आज प्रातः सात बजे राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, दायित्वधारी मधु भट्ट, महापौर सुनील उनियाल गामा ने पवेलियन ग्राउंड से मैराथन रेस को झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे
