हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए अस्पतालों में बनाए जाएंगे विशेष “हीट स्ट्रोक रूम”
देहरादून ,
प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव एवं हीट स्ट्रोक से बचाव और उपचार के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी करते हुए चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा ने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक चिकित्सा इकाई में विशेष “हीट स्ट्रोक रूम” स्थापित किए जाएंगे, ताकि गर्मी से प्रभावित मरीजों को तत्काल और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि सभी हीट स्ट्रोक रूम में आइस पैक, आईवी फ्लूइड, ओआरएस सॉल्यूशन, आवश्यक दवाइयां एवं वेंटिलेटर जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को हीट स्ट्रोक से संबंधित उपचार एवं आपातकालीन प्रबंधन के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य महानिदेशक ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों एवं बाहर कार्य करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा हीट स्ट्रोक से बचाव और जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार सामग्री सभी जिलों में भेज दी गई है। पोस्टर, पंपलेट एवं जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को तेज धूप में बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने तथा शरीर में पानी की कमी न होने देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सुनीता टम्टा ने आमजन से अपील की कि अत्यधिक गर्मी और तेज धूप के दौरान घर से कम बाहर निकलें तथा अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।