देहरादून ,
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर देर रात जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में दून पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की तलाश में कई स्थानों पर औचक छापेमारी कर विभिन्न मामलों में कार्रवाई की।
रात्रि चेकिंग के दौरान थाना रायपुर क्षेत्र के सोंडा सिरोली स्थित एक रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस लोगों को शराब पिलाते पाए जाने पर रेस्टोरेंट स्वामी लक्ष्मण सिंह (52) पुत्र उत्तम सिंह राणा निवासी अखण्डमिलग वाली रोड, सोंडा सिरोली रायपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से शराब की एक बोतल और तीन खाली बीयर केन बरामद की।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे तीन व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। साथ ही रात में घूम रहे 960 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई और 11 संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 112 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 37,250 रुपये का जुर्माना वसूला।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 32 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए। इसके अलावा 77 वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम में चालान कर 46,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 62 वाहन चालकों के न्यायालय चालान किए गए और नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहनों को सीज किया गया।
हुड़दंग के आरोप में गिरफ्तार
- देवानंद पुत्र राजपाल सिंह, निवासी समीरपुर, नजीबाबाद (वर्तमान निवासी करनपुर, देहरादून), उम्र 26 वर्ष
- जगदीश यादव पुत्र मथुरा प्रसाद यादव, निवासी भनियावाला, डोईवाला, देहरादून, उम्र 55 वर्ष
- नितेश यादव पुत्र जगदीश यादव, निवासी भनियावाला, डोईवाला, देहरादून, उम्र 25 वर्ष
पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।