त्योहारी सीजन में देहरादून की यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने जारी किया विशेष प्लान, 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था – uttarakhandawaaz.in

त्योहारी सीजन में देहरादून की यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने जारी किया विशेष प्लान, 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

देहरादून ,

त्योहारी सीजन के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए देहरादून यातायात पुलिस ने विशेष यातायात प्लान और एडवाइजरी जारी की है। इसका उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और बाजारों में आने वाले लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू करने की व्यवस्था भी की गई है।

चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित

यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं।

सहस्त्रधारा, रायपुर रोड, राजपुर रोड, सुभाष रोड और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, मल्टीस्टोरी पार्किंग कनक चौक और एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्क किए जा सकेंगे।

वहीं, चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला और नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले वाहन रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब और राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक में पार्क किए जा सकेंगे।

इसके अलावा सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है।

दोपहिया वाहनों के लिए भी पार्किंग की सुविधा

पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहन चालकों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन दोनों स्थानों सहित रेंजर्स ग्राउंड, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और मंगला देवी इंटर कॉलेज की पार्किंग दोपहर 3 बजे से उपलब्ध रहेगी।

शहर के अन्य बाजारों के लिए भी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी आने वाले जीएसटी कार्यालय के आसपास, रिस्पना क्षेत्र के लोग राजीव नगर में, प्रेमनगर बाजार आने वाले दशहरा ग्राउंड में और रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वाले मालदेवता रोड की पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे।

पलटन बाजार में वाहनों की नो-एंट्री

यातायात पुलिस के अनुसार पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी क्षेत्र को वाहनों के लिए जीरो जोन रखा जाएगा। इन क्षेत्रों में केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी।

लोडिंग वाहनों का सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक पलटन बाजार क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। लोडिंग वाहनों के लिए राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट तक वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। इसके अलावा सभी प्रकार के भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

विक्रम, ऑटो और सिटी बसों के रूट में बदलाव

यातायात दबाव को कम करने के लिए विक्रम और मैजिक वाहनों के पिकअप एवं ड्रॉप प्वाइंट में बदलाव किया गया है। राजपुर रोड से आने वाले विक्रम वाहनों का पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट ग्लोब चौक, रायपुर रोड से आने वाले विक्रम वाहनों का सर्वे चौक और रिस्पना की ओर से आने वाले विक्रम वाहनों का दून चौक निर्धारित किया गया है।

वहीं, राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट ओरिएंट चौक और डोईवाला व सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बसों का रेंजर्स ग्राउंड रहेगा।

जाम की स्थिति में लागू होगा डायवर्जन प्लान

यातायात का दबाव बढ़ने पर सर्वे चौक, घंटाघर और धर्मपुर चौक सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने की स्थिति में रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहा से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा।

घंटाघर पर जाम की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक की ओर और दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। धर्मपुर चौक पर दबाव बढ़ने पर भी वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जाएगा।

यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल तैनात

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक, चार यातायात निरीक्षक, 15 यातायात उपनिरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक, 25 उपनिरीक्षक एवं सहायक उपनिरीक्षक, 15 हेड कांस्टेबल और 60 यातायात कांस्टेबल तैनात किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त 100 आरक्षी, 100 प्रशिक्षु आरक्षी और 10 मोबाइल टीमों की भी तैनाती की गई है। शहर के विभिन्न मार्गों पर 10 ट्रैफिक क्रेन लगाई गई हैं। वहीं, 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों के माध्यम से यातायात पर निगरानी रखी जाएगी।

यातायात पुलिस की लोगों से अपील

देहरादून यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुली रखने को कहा है। साथ ही वाहन चालकों से अनावश्यक हॉर्न न बजाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

परेड ग्राउंड में कार्यक्रम के चलते सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक ईसी रोड, परेड ग्राउंड और सुभाष रोड पर यातायात डायवर्जन रहेगा। ऐसे में लोगों से इन मार्गों का कम से कम इस्तेमाल करने और यथासंभव दोपहिया वाहनों का प्रयोग करने की अपील की गई है।

किसी भी सहायता के लिए डायल 112 या देहरादून यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7579278154 और 8958998827 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *