डीएम जनता दर्शन में 170 शिकायतें; कई मामलों में मौके पर ही राहत

देहरादून,

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंदों की समस्याओं का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बंजारावाला निवासी कल्पना ने आर्थिक तंगी के कारण स्कूल फीस जमा न होने से पुत्री को परीक्षा में बैठने से रोके जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय से समन्वय कर छात्रा को परीक्षा में बैठाने और नंदा-सुनंदा योजना से फीस जमा कराने के निर्देश दिए।

जवाहर कॉलोनी बल्लूपुर निवासी शमशाद, जिनका पैर दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया था, को जिलाधिकारी ने रायफल फंड से आर्थिक सहायता और वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने आर्थिक तंगी और दिव्यांग पुत्र के उपचार की समस्या बताई। जिलाधिकारी ने रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने तथा उनके 12 वर्षीय दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 4000 रुपये प्रतिमाह देने की स्वीकृति मौके पर ही प्रदान की।

तहसील चकराता के कांडोई गांव निवासी अनिल कुमार ने पीएमजीएसवाई द्वारा वर्ष 2017 में सड़क निर्माण के दौरान खेतों और नहर को हुए नुकसान की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट लेकर 12 मार्च तक समस्या के समाधान का लिखित आश्वासन लिया।

गढ़ीकैंट निवासी एक बुजुर्ग ने बेटे की गुंडागर्दी से परेशान होकर शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी के निर्देश पर गुंडा एक्ट में मामला दर्ज किया गया। वहीं धर्मपुर के एक बुजुर्ग दंपति की शिकायत पर बहू द्वारा प्रताड़ना के मामले में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराया गया।

इसके अलावा राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा के 34,395 रुपये के पेयजल बिल का सेटलमेंट कराने और शेष राशि का भुगतान रायफल फंड से कराने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसएलएओ स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *