देहरादून ,
क्लेमेंटाउन क्षेत्र में एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी युवक को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च 2026 को रायपुर क्षेत्र निवासी कृष्ण चंद्र वर्मा (55) ने थाना क्लेमेंटाउन में तहरीर दी कि एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले युवक ने उनकी पुत्री पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 20/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्लेमेंटाउन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उदय सिंह उर्फ विशु (21) पुत्र महेश कुमार, निवासी जागृति विहार, मेरठ (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी ओगल भट्टा, क्लेमेंटाउन को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसकी निशानदेही पर ओगल भट्टा स्थित कमरे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आई यह बात
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष का छात्र है और ओगल भट्टा क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ किराये के कमरे में रहता है। उसकी मुलाकात सितंबर 2025 में उक्त युवती से संस्थान में हुई थी, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे।
आरोपी युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे पता चला कि युवती किसी अन्य युवक के संपर्क में भी है। इसी बात को लेकर 7 मार्च को दोनों के बीच विवाद हुआ और आवेश में आकर आरोपी ने युवती पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।