गैरसैंण (भराड़ीसैंण) ,
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में आज से बजट सत्र शुरू होगा। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सरकार सदन के पटल पर विनियोग विधेयक रखकर बजट पेश करेगी। उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार होगा जब राज्यपाल के अभिभाषण वाले दिन ही बजट प्रस्तुत किया जाएगा।
यह भी पहला अवसर होगा जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्त मंत्री के रूप में अपनी सरकार का बजट सदन में पेश करेंगे। वर्तमान में वित्त विभाग मुख्यमंत्री के पास ही है। बीते वर्ष की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट का आकार लगभग 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 1.11 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
चुनावी वर्ष होने के कारण सरकार के बजट में गरीब, युवा, किसान और महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ अवस्थापना विकास पर विशेष फोकस रहने की संभावना है। इसके साथ ही विकसित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए कई नई योजनाओं की घोषणा भी की जा सकती है।
रविवार को भराड़ीसैंण में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक प्रीतम सिंह शामिल नहीं हुए। बैठक में सदन संचालन के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया। पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के साथ बजट पेश किया जाएगा, जबकि 10 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी।
संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पहली बार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही बजट पेश किया जाएगा। चुनावी वर्ष के चलते बजट में महिला, किसान, युवा और गरीबों के लिए विशेष प्रावधान किए जाएंगे। किसानों की आय बढ़ाने, महिला सशक्तीकरण और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर सरकार का विशेष ध्यान रहेगा।
वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता के मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है, इसलिए राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही बजट पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है और सरकार संख्या बल के आधार पर सदन चलाने का प्रयास कर रही है।