झंडा मेले को लेकर सुरक्षा कड़ी, एसपी सिटी ने किया मेला स्थल का निरीक्षण

देहरादून ,

8 मार्च को श्री झंडा जी के आरोहण के साथ शुरू होने वाले ऐतिहासिक Jhanda Mela के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) ने मेला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने बताया कि झंडा मेले के दौरान बाहरी राज्यों और जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देहरादून पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए त्रुटिरहित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की सतत निगरानी रखने को कहा। साथ ही आने-जाने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के लिए सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा मेला क्षेत्र के आसपास आवश्यक स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) की तैनाती करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मेले के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *