देहरादून ,
श्री झंडे जी मेले के आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आठ मार्च को शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दिन श्री झंडे जी का आरोहण होगा, जिसके चलते श्री दरबार साहिब के आसपास का पूरा क्षेत्र जीरो जोन घोषित रहेगा और किसी भी प्रकार के वाहन को वहां जाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस के अनुसार बिंदाल से तिलक रोड और तालाब की ओर चौपहिया और दुपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा सहारनपुर चौक से श्री दरबार साहिब की ओर कोई भी वाहन नहीं जाएगा।
पीपल मंडी चौक से हनुमान चौक और सहारनपुर चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनी गेट के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं कांवली रोड स्थित गुरुराम राय स्कूल की ओर से भी किसी वाहन को दरबार साहिब की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि बैंड बाजार की ओर से आने वाले वाहनों को भी दरबार साहिब की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को तिलक रोड और मच्छी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे बैरियर
श्री झंडे जी के आरोहण के दौरान सहारनपुर चौक, गऊ घाट तिराहा, दर्शनी गेट, पीपल मंडी चौक, तालाब क्षेत्र, भंडारी चौक और गुरुद्वारे की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरियर लगाए जाएंगे। इन स्थानों से किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो निरंजनपुर मंडी से सहारनपुर चौक और बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को आवश्यकता अनुसार कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं लालपुल से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को निरंजनपुर मंडी की ओर मोड़ा जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शुक्रवार को एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने श्री झंडे मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने, साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।
इसके अलावा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिएक्शन टीम) की तैनाती भी की जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। 🚦