देहरादून ,
जनपद की पहली शुक्रवार परेड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून कड़े तेवरों में नजर आए। पुलिस लाइन में आयोजित परेड का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्मचारियों के हितों के साथ-साथ अनुशासन बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
परेड के दौरान एसएसपी ने स्वयं अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाई और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित किया। परेड समाप्ति के बाद पुलिस लाइन का भ्रमण करते हुए उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।
क्वार्टर गार्ड के निरीक्षण में बैरकों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर एसएसपी ने नाराजगी जताई और गार्ड कमांडर व उपस्थित कर्मियों को सफाई दुरुस्त रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा।
परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों की लॉगबुक और रनिंग रजिस्टर चेक किए गए। अभिलेख अद्यावधिक न मिलने पर उपनिरीक्षक परिवहन शाखा को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर के निरीक्षण में बैरकों और मैस की सफाई व्यवस्था पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। एसएसपी ने मैस की स्वच्छता सुधारने, भोजन की गुणवत्ता उच्च रखने तथा कच्चे राशन के भंडारण को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) शाखा के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध उपकरणों की जानकारी ली गई। साथ ही संदिग्ध वस्तु या बम की सूचना पर थाना पुलिस और बीडीएस टीमों के बीच बेहतर समन्वय के साथ त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु नियमित प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए एसएसपी ने कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों से वार्ता की और निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।