दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या को जांच के आदेश, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
देहरादून।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्र के साथ हुई रैगिंग की घटना पर चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कॉलेज की प्राचार्या को मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी छात्र के साथ दुर्व्यवहार न हो।
मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन को तत्काल जांच के आदेश दिए गए। उन्होंने प्राचार्या को प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों, परिस्थितियों और आरोपों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अन्य छात्रों एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर सही तथ्य सामने लाने को कहा गया है, ताकि दोषियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई हो जो भविष्य के लिए नजीर बने।
डॉ. रावत ने जांच रिपोर्ट आने तक आरोपी छात्रों को डिबार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने रैगिंग जैसी घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में ऐसी घटनाएं संस्थागत अनुशासन और व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप रैगिंग की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक और प्रभावी कदम उठाने को कहा।
वहीं, दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि मंत्री के निर्देशों के अनुरूप मामले की जांच की जा रही है। कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर आरोपी छात्रों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और जांच रिपोर्ट शीघ्र ही प्रस्तुत की जाएगी।
