टपकेश्वर महादेव मंदिर में शनि देव शिला स्थापना, विशाल भंडारे का आयोजन

देहरादून ,
शिव शक्ति सेवा एवं जनकल्याण समिति तथा टपकेश्वर महादेव सेवा दल के संयुक्त तत्वावधान में आज श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के पावन प्रांगण में भगवान श्री शनि देव महादेव जी की शिला स्थापना विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य रूप से संपन्न हुई। इस अवसर पर शनि भक्तों द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री कृष्णागिरी जी महाराज, दिगंबर भारत गिरी जी महाराज, राजपाल गिरी जी महाराज, रवि गिरी जी, सोहन गिरी जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। संतों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए धर्म, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

महंत कृष्णागिरी जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री शनि देव न्याय, कर्म और अनुशासन के प्रतीक हैं। शनि देव की शिला स्थापना से क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा। ऐसे आयोजन समाज में सद्भाव, सेवा और सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करते हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर देवभूमि की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने, भाईचारे को मजबूत करने और सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के आयोजक एवं सेवादार सिकंदर सिंह ने बताया कि शिव शक्ति सेवा एवं जनकल्याण समिति एवं टपकेश्वर महादेव सेवा दल का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, समरसता और सनातन मूल्यों को आगे बढ़ाना है। शनि देव शिला स्थापना और भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं की आस्था को सशक्त करने का यह एक विनम्र प्रयास है। उन्होंने सभी संत-महात्माओं, सहयोगकर्ताओं और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सिकंदर सिंह, राकेश दिलावरी, अरुण मारवाह, ईशांत, धीरज, शुभम, पवन, रुद्र, मदन, आशीष एवं सारथी घई का विशेष योगदान रहा।

यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का सशक्त उदाहरण बना, जिसमें धर्म के साथ-साथ जनकल्याण की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *