श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों ने साइक्लोथॉन और वॉकथॉन से दिया स्वस्थ दिल का संदेश

देहरादून ,
विश्व हृदय दिवस (World Heart Day) के अवसर पर रविवार को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून के कार्डियोलॉजी विभाग ने भव्य साइक्लोथॉन और वॉकथॉन का आयोजन किया। इस वर्ष की थीम “Don’t Miss a Beat” रही। कार्यक्रम में अस्पताल के सैकड़ों डॉक्टरों और हेल्थ स्टाफ ने भाग लेकर जनता को दिल की बीमारियों से बचाव और समय पर इलाज का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6 बजे सूरी चैक, रेसकोर्स से हुआ। रैली को मुख्य अतिथि डाॅ. अजय कुमार आर्य (निदेशक चिकित्सा शिक्षा, उत्तराखंड), डाॅ. अशोक नायक (प्राचार्य, श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट), डाॅ. आर.पी. सिंह (को-ऑर्डिनेटर, एसजीआरआर विश्वविद्यालय), डाॅ. अनिल मलिक (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल) और प्रो. (डाॅ.) तनुज भाटिया (विभागाध्यक्ष, कार्डियोलॉजी विभाग) ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पुलिस लाइन, सिद्धार्थ रेसकोर्स और पंजाब नेशनल बैंक चैक से होकर वापस सूरी चैक पर संपन्न हुई।

प्रतिभागियों ने हाथों में स्लोगन पट्टियां लेकर लोगों को प्रेरित किया—

  • “स्वस्थ दिल, खुशहाल जीवन”

  • “पानी ज्यादा, तनाव कम, दिल रहेगा हरदम नरम”

  • “व्यायाम है दिल की दवा, रोज करें और पाएं चमत्कारिक लाभ।”

इस मौके पर चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने आयोजन की सराहना करते हुए टीम को बधाई दी।

मुख्य अतिथि डाॅ. अजय आर्य ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली से लंबा और बेहतर जीवन संभव है। वहीं, डाॅ. तनुज भाटिया ने युवाओं व बुजुर्गों से धूम्रपान से दूरी बनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। आयोजन को सफल बनाने में डाॅ. रिचा शर्मा, डाॅ. भावना प्रभाकर, डाॅ. अनामिका गुप्ता, डाॅ. मयंक अग्रवाल और फैकल्टी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। संचालन सिमरन अग्रवाल ने किया।

वरिष्ठ सर्जन डाॅ. आर.के. वर्मा और प्लास्टिक सर्जन डाॅ. संजय साधू ने कहा कि समय रहते सावधानी बरतकर हृदय रोगों से बचा जा सकता है और एक स्वस्थ दिल से ही स्वस्थ परिवार व समाज का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *