शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, पुलिस प्रशासन की आमजन से सहयोग की अपील
देहरादून,
आगामी 11 जनवरी 2026 को विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तावित ‘उत्तराखंड बंद’ के दृष्टिगत उत्तराखंड पुलिस ने प्रदेश भर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनमानस की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस द्वारा बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है, लेकिन विरोध की आड़ में कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या जनसामान्य को परेशानी का सामना करना पड़े। शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाली या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली पोस्ट से बचने की अपील की है। ऐसी गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।