देहरादून ,
आम जन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस द्वारा जनपद भर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में रात–दिन सीमावर्ती चेक पोस्टों, आंतरिक मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आने-जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सतर्कता से जांच की जा रही है।
दिनांक 26–27/11/2025 की देर रात्रि चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने नगर एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग की। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच करते हुए उनसे पूछताछ कर सत्यापन संबंधी आवश्यक जानकारियाँ एकत्र की गईं।
रात्रि में संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों को पुलिस ने थाने लाकर पूछताछ की तथा उनके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी आवश्यक चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की गई।
धार्मिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और अन्य संवेदनशील बिंदुओं पर आतंकवादी और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस समय-समय पर यह अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों के अनुसार यह सघन चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।