प्रदेशभर में ठंड से बचाव के लिए CM धामी के निर्देश, रेन बसेरों में सुविधाएँ सुदृढ़ करने पर जोर

देहरादून ,

प्रदेश में बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारियों को व्यापक तैयारियाँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने एवं रेन बसेरों में आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि असहाय एवं बेघर लोगों को राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने रेन बसेरों में रजाई, कंबल और अन्य आवश्यक सामग्री की पुख़्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुँचे, इसके लिए हर जिले में टीमों को सक्रिय रखा जाए और शहरों, कस्बों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नियमित निगरानी की जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ छोटे कस्बों में भी शाम के समय ठंड बढ़ने पर नियमित रूप से अलाव जलाए जाएँ और उनकी मॉनिटरिंग लगातार होती रहे। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को आवश्यक सामग्री की उपलब्धता, वितरण और समग्र व्यवस्थाओं की दैनिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए।

प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति ठंड और शीतलहर के प्रभाव से प्रभावित न हो और सभी को समय पर राहत एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *