हल्द्वानी ,
सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल की खराब व्यवस्थाओं पर सख्त नाराज़गी जताते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सीएमओ को दस दिन की सख्त मोहलत दी है। मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो सीएमओ का तबादला कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में सहकारिता मेले में शामिल होने के बाद अचानक बेस अस्पताल पहुंच गए। औचक निरीक्षण के दौरान बंद पड़े आईसीयू, खराब लिफ्ट, जर्जर भवन और अव्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएँ देखकर मंत्री भड़क उठे। उन्होंने पांच दिसंबर को आईसीयू के उद्घाटन की घोषणा भी की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने इमरजेंसी, वार्डों और अन्य यूनिटों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर समस्याएँ जानीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को न इलाज में परेशानी आए, न दवाओं की उपलब्धता में।
अस्पताल में मौजूद समस्याएँ
सीटी स्कैन मशीन डेढ़ साल से खराब
नैनीताल रोड चौड़ीकरण के दौरान सीटी स्कैन कक्ष टूट गया था, जिसके बाद मशीन बंद पड़ी है। मरीजों को सुशीला तिवारी अस्पताल या निजी लैबों में जाना पड़ रहा है। अस्पताल प्रबंधन बजट और प्रस्ताव का हवाला देकर बचता रहा है।
दोनों लिफ्टें दो साल से बंद
डायलिसिस और अन्य गंभीर मरीजों को पहली मंजिल तक लाने के लिए लगी दोनों लिफ्टें लंबे समय से खराब हैं। मरीजों को मजबूरी में सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। अस्पताल प्रशासन नई लिफ्ट लगाने की बात तो करता है, लेकिन प्रक्रिया कब पूरी होगी, यह तय नहीं है।
जर्जर भवन और धीमी मरम्मत
मुख्य भवन में प्लास्टर उखड़ा है, कई जगह सीलन है। मरम्मत का काम शुरू हुआ है लेकिन बेहद धीमी रफ्तार से चल रहा है, जिस पर अस्पताल लगातार कार्यदायी संस्था को पत्र भेज रहा है।
इस मौके पर सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने कहा कि अस्पताल की समस्याओं को दूर करने के प्रयास जारी हैं। लिफ्ट की मरम्मत के लिए बजट मिल चुका है और कार्य जल्द शुरू होगा।
स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रबंधन पर दबाव बढ़ गया है और आने वाले दस दिन बेस अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
Can you be more specific about the content of your article? After reading it, I still have some doubts. Hope you can help me.